ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित, ग्रामीण सुरक्षा मजबूत करने के लिए किया प्रेरित
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा—संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर, पुलिस को तत्काल दें सूचना

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में मंगलवार को ग्राम प्रहरी (चौकीदार) सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बरेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण वीडियो स्ट्रीमिंग के माध्यम से कराया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने ग्राम प्रहरियों के दायित्वों और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल स्थानीय पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के बीच पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन कर वे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर सकते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस विभाग और ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की समय से सूचना देने और पुलिस-जन सहयोग को प्रभावी बनाने में उनका योगदान अहम है।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।




