रजौड़ा कला में भीषण आग, गेहूं की फसल जलकर राख; झोपड़ी भी खाक
आग इतनी विकराल थी कि ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर उसे बुझाना पड़ा।

पनियरा (महराजगंज)। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजौड़ा कला में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आकर एक किसान की झोपड़ी भी पूरी तरह जल गई, जिससे उसमें रखा सामान भी नष्ट हो गया। घटना से क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार आग अचानक लगी और पछुआ हवा के चलते तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते कई किसानों के खेत इसकी चपेट में आ गए। रामनरेश ने बताया कि उन्होंने खेत की रखवाली के लिए झोपड़ी बना रखी थी, जो आग में पूरी तरह जल गई।
आग से प्रवीण यादव और मंगरा देवी का लगभग दो मंडा खेत जल गया, जबकि लालमन, नागेंद्र पुत्र रामचंद्र यादव, पारस पुत्र श्याम बली, राकेश पुत्र रामचंद्र, बहादुर पुत्र पराग पासवान, मंगरी पत्नी भागीरथी, प्रवीण पुत्र भागीरथी सहित कई अन्य किसानों की गेहूं की फसल भी राख हो गई।
आग इतनी विकराल थी कि ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर उसे बुझाना पड़ा। गांव के लोगों ने पंपसेट चलाकर खेतों में पानी डलवाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीण गोविंद यादव ने बताया कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो यह पास के जंगल तक पहुंच सकती थी।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और नहर किनारे उठ रहे धुएं को बुझाने का कार्य किया। वहीं हल्का लेखपाल अंबरीश पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 1 एकड़ 84 डिसमिल गेहूं की फसल जलने की पुष्टि हुई है। प्रभावित किसानों का सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके।
घटना की सूचना पर पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने में ग्राम प्रधान अमरजीत यादव, कृष्ण मुरारी यादव उर्फ बबलू यादव समेत कई ग्रामीणों ने सहयोग किया।
आफताब आलम खान
पनियरा महराजगंज




