नवप्रवेशी बच्चो का फूलमालाओ से हुआ अभिनंदन
जनपद मे स्कूल चलो अभियान का हुआ शुभारम्भ

महराजगंज। (न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री उ०प्र० योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर लखनऊ से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला पंचायत अध्यक्ष रविकान्त पटेल, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह तथा जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित उपस्थित लोगों ने देखा। कार्यक्रम में नवप्रवेशित बच्चों एवं बालिकाओं का फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने नवप्रवेशित बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा का क्रमबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि छोटे बच्चों को प्रारंभ में आंगनवाड़ी केन्द्रों से जोड़ा जाए तथा 06 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए। इसके पश्चात कक्षा 5 उत्तीर्ण करने पर कक्षा 06 में विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान एवं ‘स्कूल चलो अभियान’ के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा ड्रॉपआउट बच्चों का चिन्हांकन कर उनका पुनः विद्यालयों में नामांकन कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि बालिकाओं के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं केन्द्रीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधायुक्त शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध है, जिसका अधिकतम लाभ दिलाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें तथा बच्चों के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायी व्यवहार अपनाएं। विद्यालयों में स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करते हुए शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाया जाए। किसी भी छोटी कमी के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर न रहते हुए आवश्यक सुधार स्वयं भी सुनिश्चित करें।
अंत में उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः अपनी सामाजिक पहचान को सुदृढ़ करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर उन्नत बनाए रखें।
इससे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आगंतुकों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और परिषदीय विद्यालयों की बच्चियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
जनपद में प्रथम चरण में 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान संचालित होगा। दूसरे चरण में स्कूल चलो अभियान जुलाई माह में संचालित होगा। कार्यक्रम के अंत में कुल तीस बच्चों को स्कूल बैग, किताबें और अन्य पाठ्य सामग्री वितरित किया गया। साथ अतिथिगण ने बच्चों का स्वागत माला पहनाकर किया।
जनपद में कुल 1724 परिषदीय विद्यालय, 1101 निजी और 44 शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय हैं। जनपद में कुल 1,93,278 छात्र–छात्राएं अध्ययनरत हैं। विगत वर्ष कुल 45260 नए नामांकन हुए हैं। इनमें 179748 को डीबीटी हस्तांतरित की गई है।




