
महराजगंज। (न्यूज पैच)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने महराजगंज प्रवास के दौरान रविवार की सुबह आवास स्थित कैम्प कार्यालय पर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दराज क्षेत्रों से आए ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें राजस्व विवाद, भूमि संबंधी मामले, पुलिस प्रशासन से जुड़े प्रकरण, सड़क व अन्य विकास कार्यों की मांग, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना और विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
पंकज चौधरी ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सके।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान फरियादियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ल, दिनेश चन्द्र त्रिपाठी, राहुल पटेल, त्रिभुवन पटेल, पप्पू चौधरी, बैजनाथ पटेल, श्रीराम शाही, सेतभान सिंह, ईशु चौरसिया, सानंदन पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, बबलू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




